एयर इंडिया के अमृतसर से बर्मिंघम जा रहे एक विमान को रविवार को रनवे पर उड़ान भरने से चंद मिनट पहले ही रोक दिया गया और नशीली दवाएँ ले जाने के आरोप में अनिवासी दंपति को विमान से उतारा गया। बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 60 वर्ष के पुरुष और 58 वर्ष की महिला को उनके सामान सहित उतार लिया गया। बाद में उन्हें राजस्व सूचना निदेशालय के अधिकारियों ने 3.73 किग्रा हेरोइन कथित रूप से रखने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत चार करोड़ रुपए आँकी गई है।
सूत्रों ने कहा कि राजा साँसी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बोइंग 777-200 विमान के दरवाजे बंद कर दिए गए थे और जब यह उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था तो एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के निदेशक ने उससे वापस लौटने को कहा।
पूरी जाँच के बाद निदेशालय के अधिकारियों ने इस अनिवासी दंपत्ति की पहचान रमिन्दरसिंह और हरिन्दर कौर के रूप में की और उन्हें गिरफ्तार किया। अधिकारियों का आरोप है कि इस दंपति के सामान से प्रतिबंधित पदार्थ बरामद किए गए।
सूत्रों ने बताया कि इस दंपत्ति को टोरंटो जाना था और रास्ते में बर्मिंघम रूकना था। विमान करीब डेढ़ घंटे के विलंब के बाद उड़ा। उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने सामान्य ढंग से दोनों यात्रियों के सामान की जाँच की थी। साथ ही इस दंपति को भी विमान में बैठने की अनुमति दी गई। |