मुख पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > राष्ट्रीय > आँसुओं में डूबी जन्मदिन की पार्टी
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
आँसुओं में डूबी जन्मदिन की पार्टी
शनिवार को प्रेरणा का जन्मदिन था। मौका खुशी का था लेकिन वह बिलख-बिलख कर रो रही थी। रो-रो कर उसका बुरा हाल था। उसके कई अन्य दोस्तों की आँखें भी बरस रही थीं।

असल में कनाट प्लेस के सेंट्रल पार्क में जब बम फटा, तब वहाँ प्रेरणा और उसके दोस्त जन्मदिन की पार्टी कर रहे थे। इस विस्फोट में इनके तीन दोस्त बुरी तरह घायल हो गए। प्रेरणा भारद्वाज (20) देहरादून की है और यहाँ हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती है। उसके दोस्तों ने उसका जन्मदिन खास अंदाज में मनाने का फैसला किया। राय यह बनी कि पार्टी के लिए कनाट प्लेस से बढ़िया कोई जगह नहीं हो सकती। लिहाजा, शाम में सभी सेंट्रल पार्क पहुँच गए। पार्टी होने लगी।

राम मनोहर लोहिया अस्पताल के बाहर खड़ी प्रेरणा की सहेली आरती ने बताया कि हम लोग खाने-पीने और बातचीत में मशगूल थे कि अचानक जोरदार धमाका हुआ। चारों ओर अँधेरा फैल गया। ऐसा लगा मानो धूल भरी आँधी चलने लगी हो। उसके बाद चारों ओर से चीख-पुकार मच गई। उसके बाद वह लगभग अचेत हो गई। उसे केवल इतना समझ में आया कि कुछ लोग उसको उठाकर कहीं ले जा रहे हैं। आँख अस्पताल में आकर खुली।

आरती के मुताबिक प्ररेणा के जन्मदिन में उसके अलावा सरला, आकांक्षा, मालविका, सुशील, मयंक और कुछ और दोस्त थे। इनमें से सुशील, मालविका और आकांक्षा बुरी तरह घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया। इनमें से सुशील व मयंक जामिया के छात्र हैं। राम मनोहर लोहिया अस्पताल के बाहर खड़े आरती सहित सभी दोस्त उस पल को कोस रहे थे, जब उन्होंने पार्टी करने का फैसला किया।

सनद रहे कि आज से पाँच साल पहले कनाट प्लेस की हालत बहुत खराब हो गई थी। यह कहा जाने लगा था कि अंग्रेजों के जमाने का यह बाजार अब अपनी चमक खोने लगा है। लेकिन मेट्रो ने इस पूरे इलाके की सूरत बदल दी।

मेट्रो ने सेंट्रल पार्क की सूरत भी बदल दी। नए सिरे से इसका साज-श्रृंगार होने के बाद अब यह पार्क दिल्ली वालों के आकर्षण का केन्द्र बन गया है। खासकर नौजवानों को, प्रेमी युगलों को यहाँ आना बहुत पसंद है। नई पीढ़ी के युवा अकसर यहाँ पार्टी करते दिख जाते हैं। शायद यही वजह थी कि प्ररेणा ने भी अपना जन्मदिन मनाने के लिए इसी जगह को चुना।
और भी
दिलेरी दिखाई दिल्लीवालों ने
आतंक का मुकाबला करेंगे-मनमोहन
आतंक के खिलाफ खुलकर बोले कलाम
कूड़ेदान में छिपाकर रखे थे बम
समय पर नहीं चेती दिल्ली पुलिस
विस्फोट देश के खिलाफ जंग-भाजपा