-नईदुनिया मेट्रो टीम दिल्ली में तीन जगहों पर पाँच बम धमाकों में 25 लोगों की मौत हो गई, 100 से ज्यादा घायल हो गए। देर रात तक बमों के मिलने का सिलसिला जारी था। बम धमाकों की जिम्मेदारी इंडियन मुजाहिदीन नामक आतंकवादी संगठन ने ली है।
विस्फोटों में कैमिकल बमों का इस्तेमाल किया गया है। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई लोगों की हालत गंभीर है। सीरियल बम ब्लास्ट के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जगह-जगह तलाशी ली जा रही है। अधिकृत जानकारी के मुताबिक राजधानी में कुल पाँच बम फटे, जबकि चार को निष्क्रिय कर दिया गया। ये बम धमाके शाम को साढ़े छह बजे के आसपास कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क और बाराखंबा रोड, ग्रेटर कैलाश के एम ब्लॉक मार्केट तथा करोल बाग के गफ्फार मार्केट में हुए। कनॉट प्लेस और गफ्फार मार्केट में मरने वालों की संख्या सबसे ज्यादा है। एम ब्लाक मार्केट के बम विस्फोट में किसी की मौत की सूचना नहीं है। कनॉट प्लेस में तीन जगह ये बम कूड़ेदान में रखे गए थे। गफ्फार मार्केट में यह विस्फोट तिपहिया में हुआ। ग्रेटर कैलाश में एक बम कूड़ेदान में फटा, जबकि दूसरा साइकिल-रिक्शा में फटा।
चारों ओर चीख-पुकार : सेंट्रल पार्क में शाम को साढ़े छह बजे मौज मस्ती का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। एक मिनट के अंतराल पर बम फटने के बाद लोग खून से लथपथ होकर गिरने लगे और चीख-पुकार मच गई। पार्क में जमा लोग भागने लगे। चीख-पुकार मचते ही आसपास के लोगों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुँच गई।
इससे पहले गफ्फार मार्केट में दस मिनट पहले बम फटा। लोगों की समझ में नहीं आया कि अचानक यह क्या हो गया। जैसे ही विस्फोट का इल्म हुआ भगदड़ मच गई। यहाँ 8 लोग विस्फोट में मारे गए और 26 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
ग्रेटर कैलाश के एम ब्लॉक मार्केट में शाम साढ़े छह बजे पहला बम धमाका एम-9 के लिवाइस के शोरूम के सामने हुआ। यह बम कूड़ेदान में रखा हुआ था। धमाके से आसपास खड़ी दो गाड़ियों व एक शोरूम के शीशे टूट गए। दूसरा धमाका एम-29 प्रिंस कॉर्नर के सामने एक साइकिल-रिक्शा में हुआ। इससे भी दो-तीन गाड़ियों को नुकसान पहुँचा है। मार्केट में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। पुलिस ने उम्मीद जताई है कि इनसे कुछ सुराग मिलेगा। दो घायलों को एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल, दिल्ली के उपराज्यपाल तेजेन्दर खन्ना, सीपीएम नेता सीताराम येचुरी, पुलिस आयुक्त वाईएस डडवाल, विधानसभा में विपक्ष के उपनेता सुरेन्द्रपाल रातावाल आदि ने घटनास्थल और अस्पतालों का दौरा किया।
मृतकों के परिजनों को मुआवजा : दिल्ली सरकार ने विस्फोटों में मारे गए लोगों के परिजनों को पाँच लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की है। सरकार ने मुआवजे के साथ घायलों को मुफ्त उपचार मुहैया कराने का भी निर्णय किया है। दूसरी ओर केन्द्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटिल ने कहा है कि केंद्र मृतकों के परिवारों को तीन लाख रुपए का मुआवजा देगा।
संदिग्धों के स्केच जारी होंगे : विस्फोटों में शामिल संदिग्ध आतंकियों के स्केच दिल्ली पुलिस जल्द ही जारी करेगी। उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि हम कनाट प्लेस में एक प्रत्यक्षदर्शी द्वारा देखे गए संभावित आतंकवादी का स्केच जल्द ही जारी करने जा रहे हैं।
गुत्थी सुलझाने का दावा : इस बीच पुलिस ने धमाकों की साजिश का पर्दाफाश करने का दावा करते हुए कहा कि इस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक व्यक्ति गफ्फार मार्केट से गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरा पालिका बाजार से गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली में विस्फोट : फोटो गैलरी आतंकवाद : दहशत में देश ये हमारी कायरता की कीमत है भारत में आतंक का साया इंडियन मुजाहिदीन ने ली जिम्मेदारी अक्सर 13 का आँकड़ा ही चुनते हैं आतंकी समय पर नहीं चेती दिल्ली पुलिस कूड़ेदान में छिपाकर रखे थे बम आतंक के खिलाफ खुलकर बोले कलाम आँसुओं में डूबी जन्मदिन की पार्टी गृह मंत्रालय फिर नाकाम, कांग्रेस में भी नाराजी जाको राखे साईयाँ..! बस सायरन व फोन की आवाज आतंक का मुकाबला करेंगे-मनमोहन विस्फोट देश के खिलाफ जंग-भाजपा बम विस्फोट कायराना करतूत-सोनिया केंद्र पर भाजपा का चौतरफा हमला गुजरात और बिहार हाई अलर्ट पर इंदौर में हाई अलर्ट, चौकसी बढ़ी
|