अगरबत्ती जलाकर सामान्य तरीके से पूजा करने में यकीन रखने वाले अभिनेता मनोज बाजपेयी गणपति उत्सव के दौरान भगवान गणेश से दुआ कर रहे हैं कि बिहार में बाढ़ से उपजी समस्या से लोगों को जल्द छुटकारा मिले।
मनोज ने अपने ब्लॉग में लिखा है कि इस महीने ढोल-नगाड़ों की आवाज अहसास कराती है कि गणपति किसी घर में पधार रहे हैं या फिर विसर्जन के लिए जा रहे हैं।
महाराष्ट्र में गणपति उत्सव की धूम का जिक्र करते हुए मनोज ने लिखा है कि इस वर्ष दिल्ली में उनकी माँ ने भी गणपति की स्थापना की और उन्हें फोन कर पूजा की बारीकियों के बारे में पूछा। उन्होंने लिखा है कि गणपति को लाना और विसर्जन करना महाराष्ट्र की संस्कृति से जुड़ा हुआ है, जिससे मेरी माँ पूरी तरह से अनभिज्ञ है।
मनोज के अनुसार ऐसा लगता है कि सारे धर्म एक साथ ईश्वर को याद करते हुए साल की विदाई करते हैं। सभी पर्व में भगवान से दुआ करते हैं। मैं भी गणपति से दुआ करूँगा कि बिहार में बाढ़ से उपजी समस्या से लोगों को जल्द छुटकारा मिले। ईश्वर उन्हें संकट से उबरने की शक्ति दे। उन्हें सुख समृद्धि मिले। देश में शांति का माहौल बने और धर्म के नाम पर लड़ाई न हो।
मनोज बिहार में आई बाढ़ और वहाँ के लोगों की समस्याओं का जिक्र पहले भी अपने ब्लॉग में कर चुके हैं। बिहार के पश्चिमी चंपारण के बेलवा गाँव में जन्मे इस अभिनेता ने शिकायत भी की है कि सरकारें आती-जाती रहीं, लेकिन बिहार उत्तर से आने वाली नदियों के कहर से बच नहीं पाया।
|