मुख पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > राष्ट्रीय > भाजपा का चुनावी शंखनाद दक्षिण से
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
भाजपा का चुनावी शंखनाद दक्षिण से
13 सितंबर को आडवाणी करेंगे श्रीगणेश
भाजपा आगामी चुनावों की रणभेरी पहली बार देश के किसी दक्षिणी राज्य से फूँकने जा रही है। कर्नाटक के रूप में दक्षिण के किसी राज्य में पहली बार अपने बूते सरकार बनाने से उत्साहित पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी 13 सितंबर को बेंगलूरु से विजय संकल्प रैलियों का श्रीगणेश करेंगे।

इस बीच भगवा पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक भी 12 से 14 सितंबर तक बेंगलूरु में ही आयोजित हो रही है। विजय संकल्प रैलियों के संयोजक और पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने बताया हमारे प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार आडवाणी चुनावों से पूर्व देशभर में सौ से अधिक विजय संकल्प रैलियों को संबोधित करेंगे।

उन्होंने बताया इन संकल्प रैलियों का मुख्य जोर उत्तरप्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्यप्रदेश, उड़ीसा, महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्रप्रदेश, केरल, पश्चिम बंगाल, असम और झारखंड में होगा।

बनेगी चुनावी रणनीति : 12 से 14 सितंबर तक बेंगलुरु में चलने वाली पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी की चुनावी तैयारियों का गहराई से जायजा लिया जाएगा, वहीं चौतरफा बढ़ते आतंकवाद, सिमी के साथ केन्द्र सरकार व उसके सहयोगी दलों के मित्रतापूर्ण व्यवहार, भ्रष्टाचार, परमाणु करार और कमरतोड़ महँगाई जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

गौरतलब है कि नवंबर में छह विधानसभाओं मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और मिजोरम के चुनाव होना हैं। झारखंड के राजनीतिक हालात भी चुनाव की आहट दे रहे हैं।

लोकसभा चुनाव भी इसी साल अथवा अगले साल के शुरू में होना हैं। पार्टी इन चुनावों में विजय संकल्प के लक्ष्य को पूरा करने के लिए जमीनी रणनीति के 'ब्लू प्रिंट' पर भी बेंगलूरु में होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी में चर्चा करेगी।

पार्टी उपाध्यक्ष ने बताया राष्ट्रीय कार्यकारिणी का शुभारंभ पार्टी अध्यक्ष राजनाथसिंह के उद्घाटन भाषण और समापन आडवाणी के मार्गदर्शन वक्तव्य से होगा। कार्यकारिणी की बैठक में राजनीतिक और आर्थिक प्रस्ताव के अलावा आंतरिक सुरक्षा और 'नोट के बदले वोट कांड' के रूप में उभरे राजनीतिक भ्रष्टाचार पर प्रस्ताव लाए जा सकते हैं।

आडवाणी को पहले ही प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बनाने की घोषणा कर चुकी भाजपा अपने शासन वाले तीन राज्यों मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भी वर्तमान मुख्यमंत्रियों को अगले मुख्यमंत्री के रूप में पेश कर रही है।

भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने कहा पार्टी का अनुभव रहा है कि मुख्यमंत्री के रूप में किसी नेता को पेश करने से लाभ मिलता है। उन्होंने कहा राजस्थान में वसुंधरा राजे मध्यप्रदेश में शिवराजसिंह चौहान और छत्तीसगढ़ में रमनसिंह को फिर से मुख्यमंत्री के रूप में पेश किया जा रहा है, क्योंकि भाजपा उनके कामकाज से काफी खुश है।

जावड़ेकर ने कहा भाजपा ने कर्नाटक, गुजरात और हिमाचलप्रदेश में मुख्यमंत्री के रूप में दावेदार पहले से ही पेश किए थे और उसे इसका लाभ भी मिला।
और भी
आतंक के खिलाफ अब हाईटेक नेटवर्क
साक्षरता की राह में चुनौती बने मुट्ठीभर बच्चे
पार्डन से ज्यादा पुरानी है क्षमा
शिकारियों की नजर अब तेंदुओं पर
पानी की ही तरह हैं आशा
केंद्र ने देश से धोखा किया-मायावती