भारत-अमेरिकी परमाणु करार के बारे में विवादास्पद जानकारियों वाले पत्र के लीक हो जाने पर भाजपा ने शुक्रवार को सरकार से माँग की कि वह उन शर्तों का खुलासा करे, जिन पर वह अमेरिका से सहमत हुई है।
पार्टी प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि सरकार की थोड़ी बहुत विश्वसनीयता थी, वह भी उसने इस पत्र के उजागर हो जाने से खो दी है। अगर उसे इस पत्र की जानकारी थी तो उसने संसद में इसे क्यों नहीं बताया।
उन्होंने सरकार से जानना चाहा कि अमेरिका के साथ इस करार को लेकर की गई और कौन-कौन-सी शर्तें उसने देश से अब तक छिपा रखी हैं। ऐसे और कितने पत्र हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह परमाणु करार पर पिछले तीन साल से जनता को मूर्ख बना रही है। हालाँकि उन्होंने कहा भाजपा अमेरिका के साथ परमाणु करार के खिलाफ नहीं है। अगर हम सत्ता में आए तो करार पर पुनः वार्ता करेंगे और उससे जुड़ी विवादास्पद शर्तों को हटवाएँगे।
|