150 वर्ष पुराना मद्रास विश्वविद्यालय अनूठा और महान संस्थान है, क्योंकि इसने दो नोबल पुरस्कार विजेता सीवी रमण और सी. चंद्रशेखर सहित कई सम्मानित हस्तियाँ दी हैं। यह बात प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने कही।
विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शुक्रवार को सिंह ने कहा इस संस्थान ने दो नोबल पुरस्कार विजेता वर्ष 1930 में सीवी रमण और वर्ष 1983 में डॉक्टर सी. चंद्रशेखर तथा एक एबेल पुरस्कार विजेता एसआर श्रीनिवासवर्धन दिए हैं। एबेल पुरस्कार गणित जगत में नोबल के समकक्ष हैं।
उन्होंने कहा यहाँ के कई शिक्षक और विद्यार्थी हैं, जिन्होंने अपने संकायों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा हासिल की है। विश्वविद्यालय में शिक्षक के तौर पर अपना पेशेवर जीवन शुरू करने वाले व्यक्ति के रूप में मैं खुद को इस खास मौके पर आपके बीच पाकर सौभाग्यशाली और अत्यधिक प्रसन्न महसूस कर रहा हूँ।
|