मुख पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > राष्ट्रीय > आ अब लौट चलें...
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
आ अब लौट चलें...
कोसी का पानी घटा, घर लौट रहे हैं लोग
कोसी नदी में आई प्रलयंकारी बाढ़ से उत्तर पूर्वी बिहार के सबसे अधिक प्रभावित पाँच जिलों सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया और पूर्णिया के लोग जो बाढ़ के कारण जान बचाने के लिए अपने-अपने घरों को छोड़कर भागे वे अब घर वापस लौटने की सोच रहे हैं।

भीमनगर बराज पर शरण लिए अधिकांश बाढ़ पीड़ितों की जुबाँ पर अब यही है कि 'आ अब घर लौट चलें'। इन लोगों ने गत 18 अगस्त को नेपाल के कुशहा के समीप कोसी नदी के पूर्वी तटबंध के टूट जाने के बाद घरों में बाढ़ का पानी घुस जाने से उक्त बराज पर शरण ले रखी है।

जब सेना की नाव की मदद से कुशहा स्थित टूटान स्थल का जायजा लिया गया तो वहाँ जल संसाधन विभाग के अभियंताओं और मजदूरों को तटबंध के दोनों टूटे हुए भागों को बाँधने के काम में लगा हुआ पाया गया।

वहाँ बाढ़ बचाव कार्य में लगे अधिकारियों ने बताया कि कोसी द्वारा तटबंध तोड़कर बनाई गई नई धार तथा सात अन्य सहायक नदियों के पानी के कुरसैला के नजदीक गंगा में मिल जाने से पानी के दबाव में कमी आई है।

सुपौल से लेकर भीम बराज तक के 68 किलोमीटर तक की यात्रा के क्रम में संवाददाता को कई जगह घुटने-घुटने पानी मिला तो कहीं छाती से ऊपर तक गुजरता हुआ बाढ़ का पानी दिखा। उक्त स्थल तक पहुँचने में सात घंटे लगे।

कुशहा से सुपौल लौटने पर कई सड़कों पर जहाँ पूर्व में गर्दनभर पानी था, जलस्तर में कमी आने से कुछ ही घंटों में वहाँ पानी काफी घट गया। इसके कारण लोग अपने घरों की ओर लौटते नजर आए।

अपने घर लौट रही एक महिला पार्वतीदेवी ने बताया कि कोसी मैया हम लोगों को सबक स‍िखा चुकी हैं। वह हम लोगों को अब और प्रताड़ित नहीं करेंगी।

पानी घटने के कारण अपने घर लौट रहे लोगों में से एक अन्य महिला सावित्रीदेवी ने कहा कि वे इस उम्मीद के साथ घर का रुख कर रही हैं कि उनके घरों में मौजूद अनाज और अन्य सामान सुरक्षित होंगे और उन्हें चोरों ने नहीं चुराया होगा।

सुपौल जिले की किशुनपुर निवासी सावित्रीदेवी गत 18 अगस्त की रात्रि में अपने गाँव में पानी प्रवेश कर जाने के कारण बाढ़ से बचने के लिए भागी थीं, लेकिन बाढ़ के इस पानी में उनका बेटा बह गया।
और भी
भाजपा का अगप के साथ गठजोड़
संप्रग सरकार ने जनता को छला-करात
आपात स्थिति में उतरा सोनिया का विमान
देश में शीघ्र खुलेंगे 20 आईआईटी
बदल गया शिक्षक दिवस मनाने का तरीका
मनमोहनसिंह इस्‍तीफा दें-भाजपा