असम गण परिषद से गठबंधन की घोषणा के साथ ही भाजपा ने गुरुवार को राज्यवार अपनी चुनावी तैयारियों का जायजा लेना शुरू किया और इस क्रम में सबसे पहले असम की प्रदेश इकाई से बात की।
पार्टी के वरिष्ठ नेता एम. वेंकैया नायडू ने बताया रामानंद देखा के नेतृत्व में असम की भाजपा इकाई ने आज यहाँ पार्टी की केन्द्रीय चुनाव से राज्य की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की। पार्टी ने लोकसभा चुनाव भाजपा के साथ मिलकर लड़ने के असम गण परिषद के प्रस्ताव पर भी चर्चा की। सिद्धांततः फैसला किया गया कि आगामी चुनाव उसके साथ मिलकर लड़ा जाएगा।
भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व ने झारखंड, हरियाणा, महाराष्ट्र और पंजाब की प्रदेश इकाइयों के नेताओं को भी उम्मीदवारों के चयन के संदर्भ में चर्चा के लिए तलब किया था।
पार्टी ने जसवंतसिंह और सुषमा स्वराज को अधिकृत किया है कि वे मिलकर चुनाव लड़ने के संदर्भ में असम गण परिषद की छह सदस्यीय समिति से बातचीत करें। उन्होंने कहा असम में गैर कांग्रेसी गठबंधन के अच्छे आसार हैं और भाजपा अगप के प्रस्ताव से खुश है।
|