बिहार सरकार ने राज्य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बचाव एवं राहत कार्यों के लिए बुधवार को केंद्र से तत्काल एक हजार करोड़ रुपए नकद और एक लाख मीट्रिक टन अनाज मुहैया कराने की माँग की।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने बुधवार को यहाँ प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह से मुलाकात कर तत्काल एक 1000 करोड़ रुपए जारी करने और एक लाख मीट्रिक टन अनाज खासतौर पर चावल मुहैया कराने की माँग की।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद नीतीश कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री से मिलकर बिहार के कोसी क्षेत्र में आई भयंकर बाढ़ की स्थिति से उन्हें अवगत कराया और राज्य सरकार की ओर से किये जा रहे बचाव एवं राहत कार्यों की उन्हें जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोसी नदी की इस बाढ़ से तकरीबन 20 से 25 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने बताया कि एक ओर जहाँ बाढ में फँसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का काम जोर-शोर से किया जा रहा है, वहीं बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच खाने के पैकेट वितरित किए जा रहे हैं।
कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री ने विपदा की इस घड़ी में राज्य को हर प्रकार के मदद का आश्वासन दिया है और कहा है कि केन्द्र की ओर से कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कल राज्य के बाढ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे और हमें पूरी उम्मीद है कि केन्द्र की ओर से पूरा सहयोग मिलेगा।
|