राजस्थान को पर्यटन विकास के क्षेत्र में अच्छा काम करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक और पर्यटन अवॉर्ड मिला है। पिछले एक सप्ताह में राजस्थान को मिलने वाला यह दूसरा अवॉर्ड है।
केन्द्रीय पर्यटन मंत्री अम्बिका सोनी ने राजस्थान को वर्ष 2008 में परम्परागत मेलों और त्यौहारों के सर्वश्रेष्ठ आयोजन के लिए टुडे ट्रेवल प्लेटिनम अवॉर्ड-2008 प्रदान किया।
प्रदेश के पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के निदेशक बीएल गुप्ता ने राजस्थान सरकार की ओर से यह पुरस्कार ग्रहण किया। उन्हें पुरस्कार में एक ट्रॉफी और प्रमाणपत्र दिया गया।
उल्लेखनीय है कि गत शुक्रवार को दिल्ली के अशोक होटल में आयोजित एक समारोह में प्रदेश की पर्यटन राज्यमंत्री उषा पूनिया को श्रीमती सोनी और उत्तर-पूर्व राज्यों के विकास संबंधी मामलों के केन्द्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर से हॉस्पीटिलिटी इंडिया एण्ड एक्सप्लोर द वर्ल्ड अवॉर्ड 2008 मिला था। इससे पूर्व राजस्थान को सीएनबीसी अवॉर्ड भी मिल चुका है।
|