झारखंड के मुख्यमंत्री के तौर पर वापसी की बाट जो रहे शिबू सोरेन की कोशिशों को बुधवार को और बल मिल गया। मौजूदा मुख्यमंत्री मधु कोड़ा द्वारा संप्रग की बैठक बुलाने के बावजूद कांग्रेस ने कहा कि वह सोरेन का समर्थन करेगी।
कांग्रेस के सचिव अब्दुल मानन ने कहा हम सोरेन के पीछे चट्टान की तरह खड़े हैं। न सिर्फ हमारे नौ विधायक न केवल उनका सदन में समर्थन करेंगे, बल्कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की कोशिश भी करेंगे।
क्या कांग्रेस कोड़ा से हटने को कहेगी? मानन ने कहा राज्यपाल एसएस रजी ने उन्हें बहुमत साबित करने को कहा है, लेकिन कांग्रेस सदन में सोरेन का समर्थन करेगी।
सोरेन तब पूरे जोश में दिखाई दिए, जब भाजपा के दो निलंबित विधायक विष्णु भैया और मनोहर टेकरीवाल ने भी मुख्यमंत्री पद पर उनके दावे का समर्थन कर दिया। भैया और टेकरीवाल को पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी का पक्ष लेने के लिए निलंबित किया गया है।
संप्रग के नेतृत्व से मुलाकात करने के लिए नई दिल्ली आने से पहले शिबू सोरेन ने कहा उनके पास संख्या है और कांग्रेस नेता अहमद पटेल पहले ही उनकी पार्टी के समर्थन के बारे में सूचित कर चुके हैं।
निराश दिखाई दे रहे कोड़ा ने झामुमो को समर्थन देने की कांग्रेस की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर अटकलों को दूर करने के लिए संप्रग की बैठक बुलाई।
वैकल्पिक सरकार बनाने की कोशिशों के तहत सोरेन को समर्थन देने के कांग्रेस के फैसले के बारे में एक सवाल पूछने पर कोड़ा ने कहा मैं नहीं जानता कि किसने क्या कहा, लेकिन मैं पुराने मामलों पर चर्चा करने और मौजूदा स्थिति को खत्म करने के लिए संप्रग की बैठक बुलाने का सुझाव देना चाहूँगा। कोड़ा ने कहा मैं संप्रग में हूँ और अगर मुझे दिल्ली जाने से जुड़ी कोई जानकारी मिलेगी तो मैं वहाँ जाऊँगा।
|