ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय आम के आयात को हरी झंडे देते हुए इस संबंध में नई नीति की घोषणा की है। इसके साथ ही अब ऑस्ट्रेलिया में भी दुनियाभर में प्रसिद्ध भारतीय फलों के राजा आम का लुत्फ उठाया जा सकेगा।
भारत में ऑस्ट्रेलिया के कार्यवाहक उच्चायुक्त डेविड होली की ओर से एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि ऑस्ट्रेलिया सरकार ने भारतीय आम के आयात को सशर्त मंजूरी दे दी है।
उन्होंने बताया कि यह ऑस्ट्रेलिया में आयात जोखिम विश्लेषण प्रक्रिया का अंतिम चरण था जो कि खासतौर पर भारतीय आम के आयात को मंजूरी देने के लिए ही शुरू किया गया था। उन्होंने बताया कि इस चरण के पूरा होते ही भारत ऑस्ट्रेलिया को आम का निर्यात कर सकेगा।
होली ने कहा कि इससे भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कृषि क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि दोनों देश अलग-अलग समय पर बेहतरीन गुणवत्ता वाले फलों का उत्पादन करते हैं और फलों के आयात-निर्यात को बढ़ाने से दोनों देशों में सालभर फलों की आपूर्ति के काम को सुगम बनाया जा सकता है।
|