मोबाइल के कारण बढ़ रही परेशानियों के मद्देनजर इसका उपयोग सीमित करने के लिए संसद में एक याचिका दाखिल की गई है। याचिका में वाहन चलाने के दौरान मोबाइल का उपयोग करने वालों के खिलाफ गैर जमानती अपराध दर्ज करने की माँग की गई है।
याचिकाओं से संबंधित समिति के अध्यक्ष और भाजपा सांसद वेंकैया नायडू इस याचिका पर विचार कर रहे हैं। याचिका में पूजा स्थलों, श्मशान भूमि, कब्रिस्तान में मोबाइल ले जाने पर रोक लगाने के लिए कानून बनाने की माँग की गई है।
समिति ने इस बारे में समाज के विभिन्न वर्गों से लिखित में राय माँगी है। याचिका में सरकारी कार्यालयों में भी मोबाइल ले जाने पर रोक लगाने की माँग करते हुए कहा कि कार्यालयीन समय में निजी कॉल करना अथवा मोबाइल पर बात करने को अपराध माना जाए, जिसमें जेल और जुर्माने की सजा मुकर्रर की जाए।
इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर केवल व्यावसायिक जरूरतों को छोड़कर कैमरेवाले मोबाइल पर रोक लगा दी जाए। याचिकाकर्ता यह भी चाहता है कि मोबाइल कंपनियाँ कुछ ऐसे उपकरण लगा दें, ताकि वाहन चलाते समय हैंडसेट काम ही न करे। साथ ही शैक्षिक संस्थानों में मोबाइल कॉल पर रोक लगाने के लिए जैमर लगाने की भी माँग की गई। (नईदुनिया)
|