सीधे-सीधे तौर पर क्रिकेटरों या क्रिकेट का ईश्वर भक्ति या भजनों से क्या रिश्ता हो सकता है? क्या महेन्द्रसिंह धोनी जैसे क्रिकेटर खुद भजन गाते हैं या भजनों में कोई रुचि रखते हैं? अब तक ऐसी कोई जानकारी आम नहीं है और संभावना भी यही है कि क्रिकेटर धोनी का भजनों से कोई रिश्ता न होते हुए भी वे कहीं ना कहीं भजनों से जरूर जुड़े हैं। भले ही सीधे तौर पर नहीं। पर बिहार और झारखंड में लड़कियाँ भगवान शिव से उन्हें धोनी या उनके जैसा वर देने की प्रार्थनाएँ कर रही हैं और इसके लिए मंदिरों में भजनों का सहारा लिया जा रहा है।
राज्यों के मंदिरों में भोजपुरी में भजन गूँज रहे हैं, जिसमें लड़कियाँ भगवान शिव से प्रार्थना कर रही हैं कि 'सेट करा द लाइफ हो बाबा धोनी संग हमार हो'। गौरतलब है कि श्रावण के महीने में शिवपूजा का जोर है और हाल ही में भोजपुरी में एक ऑडियो एलबम बाजार में आया है, जिसका एक गीत है 'बाबा के नगरिया बड़ा पावन लागे ला...'। यह गीत बिहार की लड़कियों के बीच खासा लोकप्रिय हो गया है। उल्लेखनीय है कि श्रावण मास के दौरान अविवाहित लड़कियाँ भगवान शिव से उन्हें मनचाहा वर देने के लिए भक्ति करती हैं।
शिव मंदिरों में जाने और पूजा-पाठ कर निकलने वाली लड़कियों से जब पूछा जाता है कि उन्हें कैसे वर की चाहत है तो उनका उत्तर होता है कि कोई भी होशियार लड़की धोनी जैसा पति पाना चाहेगी। ऐसी ही अन्य युवा महिला शिवभक्तों का कहना है कि इन दिनों धोनी महिला गार्ड्स के घेरे में घूम रहे हैं। इसलिए हम लोगों ने भी उनके बारे में ज्यादा सोचना तो छोड़ दिया है, लेकिन कम से कम यह तो सोच ही सकती हैं कि हमें जो भी जीवनसाथी मिले उसमें भी धोनी जैसे गुण हों। एलबम के इस गाने को गाने वाली सलोनी का कहना है कि उन्हें धोनी का उल्लेख करने वाले इस गाने का खयाल कुछ महीनों पहले ही आया था और हमने गाने को श्रावण माह के पहले ही बाजार में लाने का निश्चय किया ताकि शिवालयों में भक्ति करने आने वाली लड़कियों को यह गाना अपील कर सके। कहने की जरूरत नहीं है कि यह गाना बहुत अधिक लोकप्रिय हो रहा है।
|