बेंगलुरु में शुक्रवार को हुए सिलसिलेवार धमाकों के बाद राष्ट्रीय राजधानी सहित देश के विभिन्न राज्यों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों तथा धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
दिल्ली पुलिस ने हवाई अड्डा रेलवे स्टेशनों और बाजारों में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए हैं। लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी दें। आंध्रप्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और हैदराबाद में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। चेन्नई में भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। उन क्षेत्रों में विशेष एहतियात बरते जा रही है, जहाँ बड़ी संख्या में आईटी कंपनियों के कार्यालय हैं।
मुंबई से मिली खबरों के अनुसार भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस आयुक्त हसन गफूर ने कहा कि नगर में प्रवेश करने वाले और बाहर निकलने वाले केंद्रों जैसे हवाई अड्डे रेलवे स्टेशनों आदि पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। मुंबई की सड़कों पर भी अधिक संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
उत्तरप्रदेश पुलिस ने पूरे राज्य के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को अति सतर्कता बरते के निर्देश जारी करते हुए संवेदनशील और भीड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा है।
प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) बृजलाल ने कहा कि सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को संवेदनशील और भीड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि मल्टीप्लेक्स माल भीड़ भरे बाजारों रेलवे स्टेशनों एवं बस अड्डों और धार्मिक स्थलों पर विशेष तलाशी और जाँच के आदेश दिए गए हैं। पश्चिम बंगाल सरकार ने भी राज्यभर में अलर्ट घोषित किया है और महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
|