केन्द्रीय वित्तमंत्री पी. चिदम्बरम ने कहा है कि सरकार के विश्वास मत जीत लेने से आर्थिक सुधार क्षेत्र में तेजी आएगी। वे बुधवार को यहाँ श्रीराम ग्रुप के सामान्य बीमा क्षेत्र में प्रवेश करने के मौके पर आयोजित समारोह में भाग लेने के बाद बोल रहे थे।
उन्होंने कहा वित्त मंत्रालय बीमा क्षेत्र सामाजिक कल्याण मंत्रालय समेत कई मंत्रालयों के विधेयक विचाराधीन हैं। वाम दलों के बीमा क्षेत्र में विदेशी पूंजी निवेश के प्रस्ताव का विरोध करने के कारण इसमें कोई प्रगति नहीं हो सकी, लेकिन अब इसे भी आगे बढ़ाएँगे।
चिदम्बरम ने कहा हम अन्य पार्टियों से बातचीत करेंगे, चाहे उन्होंने विश्वास मत पर संप्रग सरकार का विरोध किया हो। गेंहू और चावल की अच्छी पैदावार होने के कारण देश में खाद्यान्न की समस्या नहीं है। अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर क्रूड ऑइल की कीमतों में वृद्वि से महँगाई बढ़ी है।
चिदम्बरम ने कहा ऐसी प्रणाली विकसित होना चाहिए, जिससे गरीब बच्चों को शिक्षा स्वास्थ्य सुविधा मिले और उनके जीवन यापन के समुचित प्रबंध हो।
सामान्य बीमा निजी क्षेत्र में नहीं था, लेकिन आज से इसकी शुरुआत हुई है। लोगों को बीमा क्षेत्र के बारे में जागरूक करने की आवश्यकता है। बीमा सामाजिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण अंग है। इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
चिदम्बरम ने कहा राष्ट्रीय सुरक्षा गारंटी रोजगार योजना के तहत लोगों को रोजगार सुनिश्चित हुआ है। दूरस्थ लोगों को इसका फायदा मिले, इसके प्रयास करना होंगे।
|