लोकसभा में मंगलवार को हुए विश्वास मत पर मत विभाजन के दौरान संप्रग सरकार का समर्थन करने को लेकर बीजू जनता दल (बीजद) ने जहाँ अपने एक सांसद को निष्कासित करने का फैसला किया है, वहीं शिरोमणि अकाली दल ने मतदान के दौरान गैर हाजिर रहे अपने सांसद से सफाई माँगी है।
लोकसभा में विश्वास मत के दौरान बीजद सांसद हरिहर स्वैन द्वारा की गई क्रास वोटिंग से नाराज उड़ीसा के मुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक ने कहा कि संबद्ध सदस्य को पार्टी से निष्कासित कर दिया जाएगा।
पटनायक ने कहा कि इस व्यक्ति ने बीजद से विश्वासघात किया है और उन लाखों लोगों को धोखा दिया है, जिन्होंने पार्टी के चुनाव चिह्न पर उनके लिए मतदान किया।
स्वैन पटनायक के गृह जिले गंजाम के अस्का संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने पार्टी व्हिप का उल्लंघन करते हुए संप्रग सरकार के पक्ष में मतदान किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी अंतरात्मा के आधार पर मतदान किया।
अकाली दल के महासचिव दलजीतसिंह चीमा ने कहा कि पार्टी ने मतदान के दौरान गैरहाजिर रहे अपने सांसद सुखदेवसिंह लिबरा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। चीमा ने कहा कि लिबरा साढ़े चार बजे तक लोकसभा में थे, लेकिन उसके बाद वहाँ से गायब हो गए।
|