समाजवादी पार्टी के महासचिव अमरसिंह ने रविवार को कहा कि परमाणु करार राष्ट्रहित में है। हम इसका समर्थन करते हैं और इसके लिए कोई भी कीमत चुकाने को तैयार हैं।
अमरसिंह ने कहा परमाणु करार के विभिन्न पहलुओं पर हमने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम से बातचीत की। उन्होंने करार को देशहित और भविष्य में देश की ऊर्जा जरूरतों के लिए आवश्यक बताया।
उन्होंने कहा हमने अपना रुख कभी नहीं बदला है और हम यूएनपीए से कभी अलग नहीं हुए। यूएनपीए की बैठक में ओम प्रकाश चौटाला ने ही परमाणु करार पर कलाम की सलाह लेने का सुझाव दिया था।
सिंह ने कहा अगर कलाम परमाणु करार को राष्ट्र विरोधी बताते तो हम इसका किसी भी हालत में समर्थन नहीं करते।
उन्होंने कहा हमने करार पर सरकार का समर्थन करने के लिए कोई सौदेबाजी नहीं की और न ही हमने पी. चिदंबरम या मुरली देवड़ा या किसी अन्य मंत्री को हटाने की माँग की है।
हमारा विरोध केवल उनके व्यवहार को लेकर हैं। मुरली देवड़ा को किसी बहुराष्ट्रीय कंपनी के प्रतिनिधि की तरह व्यवहार नहीं करना चाहिए वह सरकार में मंत्री हैं।
|