केंद्रीय मंत्री प्रियरंजन दासमुंशी ने शनिवार को कहा कि चाहे जो भी हो संप्रग सरकार समय पर अमेरिका के साथ असैन्य परमाणु करार पर दस्तखत करेगी और मनमोहनसिंह सरकार को कोई खतरा नहीं है।
सूचना और प्रसारण मंत्री दासमुंशी ने कहा कि संप्रग सरकार को वास्तव में कोई खतरा नहीं है और सरकार अमेरिका के साथ समय पर परमाणु करार पर दस्तखत करेगी। इस संबंध में कोई झिझक नहीं है।
शीघ्र लोकसभा चुनाव को खारिज करते हुए मंत्री ने मीडिया के कुछ तबकों पर समय से पहले चुनाव की गलत सूचना फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने इस प्रकार की रिपोर्ट को गुमराह और भ्रामक करने वाले बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकसभा चुनाव तय समय पर होंगे।
सरकार को अस्थिर करने को लेकर जारी पहल पर माकपा या भाजपा का नाम लिए बगैर दासमुंशी ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व में संप्रग सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। (भाषा)
|