सेना प्रमुख जनरल दीपक कपूर ने अमरनाथ जमीन आवंटन के मुद्दे पर हुए हिंसक प्रदर्शनों के बावजूद आज जम्मू-कश्मीर की स्थिति को बहुत हद तक नियंत्रण में करार दिया लेकिन आशंका जताई कि विधानसभा चुनावों को देखते हुए सीमा पार से घुसपैठ बढ़ाने की कोशिशें होने की आशंका है।
जनरल कपूर ने यहाँ एक रक्षा समारोह में हिस्सा लेने के बाद संवाददाताओं के सवालों के जवाब में कहा कि घुसपैठ में 55 प्रतिशत तक कमी आ चुकी है और यह आतंकवाद विरोधी सुरक्षा ग्रिड को मजबूत करने का नतीजा है। दूसरी ओर राज्य के लोग भी हिंसा से तंग आ चुके हैं और सटीक खुफिया जानकारियों के बल पर सेना अधिक कारगर अभियान चला पा रही है।
लेकिन उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में खलल डालने के मकसद से सीमा पार से घुसपैठ बढ़ाने की कोशिशें जरूर हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के चुनाव शांति बहाली का नया पैगाम लेकर आएँगे और सुरक्षा एजेंसियों की पूरी कोशिश है कि चुनाव को बेखौफ वातावरण में सुनिश्चित कराया जाए।
जनरल कपूर ने कहा कि खुद अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या भी जम्मू-कश्मीर में शांति बहाली का इशारा कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले साल अमरनाथ यात्रा में एक लाख श्रद्धालु आए थे जिनकी संख्या इस साल बढ़कर तीन लाख 15 हजार को पार कर चुकी है।
|