लालकृष्ण आडवाणी के प्रधानमंत्री नहीं बन सकने संबंधी राजद नेता लालू प्रसाद की बार-बार की जा रही भविष्यवाणियों पर पलटवार करते हुए भाजपा ने बुधवार को कहा कि रेलमंत्री को अब राजनीति छोड़कर ज्योतिषी का धंधा शुरू कर देना चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि लालू कब से ज्योतिषी बन गए मालूम नहीं, लेकिन अब उन्हें यही धंधा शुरू कर देना चाहिए। लालू ने हाल ही में गुजरात में एक रैली में कहा था मैं ज्योतिषी तो नहीं हूँ, लेकिन इतना बता सकता हूँ कि आडवाणी के भाग्य में प्रधानमंत्री बनना नहीं लिखा है। वे यह सपना देखना छोड़ दें।
भाजपा ने जब आडवाणी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश करने की पहले पहल घोषणा की थी तब भी लालू ने यही टिप्पणी की थी।
जावड़ेकर ने कहा कि लालू को चाहे लोगों का भविष्य देखना नहीं आता हो लेकिन लोगों ने उनका भविष्य जरूर लिख दिया है। अब उनका राजनीतिक जीवन समाप्त है।
|