केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. अंबूमणि रामदास से कई सालों तक कटु संबंध रहने के बाद भी अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ. पी. वेणुगोपाल ने कहा है कि उन्हें मुंबई कोई मलाल नहीं है। उनकी इच्छा है कि यदि पुनर्जन्म हो तो वे इसी विशिष्ट संस्था के लिए काम करें।
वरिष्ठ हृदय शल्य चिकित्सक डॉ. वेणुगोपाल 66 साल की आयु पूरी करने पर बुधवार को सेवानिवृत हो गए। इस अवसर पर उन्होंने कहा मैंने इस संस्थान को अपने जीवन के 49 साल दिए हैं और अपने कार्यकाल को लेकर मेरे मन में किसी तरह का मलाल नहीं है।
मैं संस्थान में अपने कार्यकाल से संतुष्ट हूँ, जो पिछले दस सालों से देश का सर्वश्रेष्ट चिकित्सीय संस्थान माना जाता है। भविष्य की योजनाओं के बारे में वेणुगोपाल ने कहा वे गरीबों की सेवा करना चाहते हैं।
उन्होंने एम्स में किसी भी प्रकार के विदाई समारोह का आयोजन करने से मना करते हुए कहा सभी कर्मचारी, डॉक्टर और अन्य सभी लोग मेहनत से एक जुट होकर कार्य करें, यही मेरी विदाई होगी।
इस विख्यात शल्य चिकित्सक की 2006 में एम्स में शुरू हुए आरक्षण विरोध आंदोलन के बाद से स्वास्थ्य मंत्री से जबरदस्त तनातनी रही है। एम्स में नए निदेशक की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। डॉ. टीडी डोगरा बुधवार को कार्यकारी अध्यक्ष का कार्यभार संभालेंगे।
|