भारत-अमेरिका परमाणु समझौते पर सहयोगी दल शिवसेना के साथ मतभेद की खबरों को पूरी तरह खारिज करते हुए भाजपा ने बुधवार को कहा कि इस मुद्दे पर दोनों दलों के सुर एक हैं।
पार्टी प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि भाजपा नेतृत्व इस संबंध में शिवसेना नेतृत्व के संपर्क में है। परमाणु करार पर शिवसेना के सुर राजग के सुरों से पूरी तरह मेल खाते हैं।
परमाणु समझौते के समर्थन में शिवसेना के मुखपत्र 'सामना' के संपाद्कीय के बारे में पूछे जाने पर जावड़ेकर ने कहा कि दोनों सहयोगी दलों में इस मामले को लेकर कहीं कोई भ्रम नहीं है।
सामना में परमाणु करार की हिमायत करते हुए इसका विरोध करने वाले वाम दलों को आड़े हाथ लिया गया था। इस लेख के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता एम. वेंकैया नायडू और शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे के बीच बातचीत हुई और शिवसेना ने अपने सुर बदले।
उधर शिव सेना के कार्यकारी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने भी आज कहा कि हम परमाणु करार के मुद्दे पर राजग के साथ हैं। इस मामले में हमारा रुख वही है, जो राजग का है। इसे लेकर किसी को भ्रम नहीं होना चाहिए।
हालांकि उद्धव के इस बयान से एक दिन पहले शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा था कि उनकी पार्टी इस करार को देश हित में मानती है। उन्होंने यह भी कहा था कि सेना ऐसा कुछ भी नहीं करेगी, जिससे राजग को झटका लगे।
लोकसभा में शिवसेना के 13 सांसद हैं और यह भाजपा के नेतृत्व वाले राजग का अंग है। पिछले साल शिवसेना ने संप्रग की राष्ट्रपति उम्मीदवार प्रतिभा पाटिल का समर्थन किया था।
|