पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने मीडिया से रचनात्मक खबरों को प्राथमिकता देने तथा देश के विकास में अहम भूमिका निभाने का आह्वान किया है। वे हिन्दी साप्ताहिक पत्रिका 'शुक्रवार' के विमोचन अवसर पर बोल रहे थे।
मीडिया को एक सशक्त माध्यम बताते हुए डॉ. कलाम ने कहा कि समाचार-पत्र और पत्रिकाओं को देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाना चाहिए।
रचनात्मक खबरों को प्राथमिकता देने की सलाह देते हुए पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि नकारात्मक प्रचार विकास कार्य को नष्ट-भ्रष्ट कर सकता है। पत्रकार अपने विचारों और लेखों के जरिए विकास को बढ़ावा दें और समाज में जागरुकता लाएँ।
पत्रिका के प्रकाशक और पर्ल्स न्यूज नेटवर्क के निदेशक ज्योति नारायण ने कहा कि इस पत्रिका में समाज के हर वर्ग और परिवार के हर सदस्य के लिए मनोरंजन और जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
दस रुपए में 96 पृष्ठ के नारे के साथ यह पत्रिका बाजार में उतारी गई है। उन्होंने कहा पर्ल्स न्यूज नेटवर्क की यह पहली पत्रिका है तथा हम जल्द ही जीवनशैली पर 'तर्जे जिंदगी', महिलाओं की पत्रिका 'बिंदिया', कारोबारी पत्रिका 'मनी मंत्रा' तथा सैर-सपाटे की 'ट्रेवल इंडिया प्लस' पत्रिका बाजार में लाएँगे।
पत्रिका के संपादक श्रीकांत त्रिपाठी ने कहा कि हिंदी भाषी पाठकों के ठेठ देशी अंदाज में पत्रिका उपलब्ध कराने का यह एक प्रयास है। उन्होंने कहा दिलचस्प बात यह है कि राष्ट्रीय स्तर की जो चार-पाँच महत्वपूर्ण पत्रिकाएँ हैं वे सभी चेहरे और नाम से अंगरेजीदाँ हैं।
उन्होंने कहा हमारा प्रयास होगा कि इस पत्रिका में समूचा समाज समाहित हो और इसे संपूर्ण साप्ताहिक का दर्जा मिले।
|