राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने बुधवार को सेना के 65 जवानों और अधिकारियों को शत्रु से मुकाबला करने में अदम्य साहस दिखाने और अन्य विशिष्ट सेवाओं के लिए रक्षा अलंकरण प्रदान किए। इनमें दस लोगों को मरणोपरांत यह सम्मान दिया गया।
राष्ट्रपति भवन के भव्य अशोक हॉल में आयोजित अलंकरण समारोह में राष्ट्रपति और सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर प्रतिभा पाटिल ने आतंकवादियों से लड़ते हुए या अन्य साहसिक कर्त्तव्य निर्वहन के दौरान जान गँवाने वाले पुरस्कृत जवानों की विधवाओं और अन्य परिजनों के प्रति विशेष आदर दिखाते हुए प्रोटोकाल की परवाह किए बिना उन्हें सांत्वना दी।
उन्होंने 13 लोगों को परम विशिष्ट सेवा मेडल, चार को कीर्ति चक्र, तीन को अति विशिष्ट सेवा मेडल, 24 को अतिविशिष्ट सेवा मेडल और 22 को शौर्य चक्र से सम्मानित किया। रक्षा अलंकरण पाने वालों में लेफ्टिनेंट जनरल जीमरउद्दीन शाह और 88 दिन में एक इंजन के विमान से विश्व की परिक्रमा का नया रिकॉर्ड बनाने वाले विंग कमांडर अनिल कुमार और विंग कमांडर राहुल मोंगा शामिल हैं।
|