तीनों सेनाओं के प्रमुखों और कैबिनेट सचिव केएम चंद्रशेखर की अध्यक्षता वाली सचिवों की अधिकारसंपन्न समिति की बैठक के बाद सशस्त्र बलों के लिए वेतन में वृद्धि की संभावना बढ़ गई है। हालाँकि कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है, लेकिन समझा जाता है कि नौसेना प्रमुख एडमिरल सुरीश मेहता, वायुसेना प्रमुख एफएच मेजर और सेना प्रमुख जनरल दीपक कपूर ने समिति को छठे वेतन आयोग की रिपोर्ट के बाद सशस्त्र बलों में असंतोष से अवगत कराया। सशस्त्र बलों ने सैन्य सेवा वेतन में अधिकारी रैंक से नीचे के कर्मियों के लिए 100 से 200 फीसदी की वृद्धि पर जोर दिया है। सरकार ने सशस्त्र बलों के कर्मियों के वेतन पैकेज में विसंगति पर विचार के लिए सचिवों की समिति गठित की है। इस बीच विचार-विमर्श के बारे में पूछे जाने पर रक्षामंत्री एके एंटनी ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि सशस्त्र बलों द्वारा बताई गई विसंगतियों में सुधार कर लिया जाएगा।
|