भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को देश के नक्सली संगठनों को चुनौती दी कि वे चुनाव लड़ कर जनसमर्थन के अपने दावे को प्रमाणित करें।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने यहाँ पत्रकारों को बताया कि नक्सली हिंसा से कोई लाभ होने वाला नहीं है। इसका शिकार अधिकतर निर्दोष आदिवासी हो रहे हैं। किसी समस्या के हल के लिए हथियार और हिंसा की कोई जगह नहीं है।
उन्होंने कहा नक्सली अगर जनता के समर्थन का इतना ही दावा करते हैं तो वे चुनाव लड़ें और इसे साबित कर दें। नेपाल में माओवादियों ने जब लोकतंत्र का रास्ता अपनाया तो जनता ने भी उनका समर्थन किया।
राज्य में माओवादी हिंसा से निपटने के लिए चलाए जा रहे सलवा जुड़ूम अभियान की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि नक्सलियों द्वारा प्रायोजित रूप से देशभर में इस अभियान के खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है।
|