मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने अभिनेताओं के शराब पीने पर रोक लगाने के स्वास्थ्य मंत्री अंबुमणि रामदास के 'अतिउत्साही' अभियान की आलोचना करते हुए कहा कि पहले उन्हें सरकारी कर्मचारियों के बीच इस आदत पर रोक लगाने का प्रयास करना चाहिए। अमिताभ ने अपने ताजा ब्लाग में कहा कि अभिनेता बिना शराब पीए ही नशे का सीन करते हैं। वे अल्कोहल का प्रचार नहीं करते। उन्होंने सवाल किया कि सरकार में होने पर क्या उन्होंने देश के सभी सरकारी कर्मचारियों में इस भयानक आदत पर रोक लगाने पर विचार किया है? अमिताभ ने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि क्या सरकार मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश में बीड़ी पत्तों पर रोक के लिए विचार करेगी।
बीड़ी निर्माण कारोबार से जुड़े प्रफुल्ल पटेल का परोक्ष जिक्र करते हुए मेगास्टार ने कहा कि आखिरकार ऐसी कार्रवाई से हजारों श्रमिकों (मतदाताओं) का रोजगार और मैं समझता हूँ आपके एक 'फ्लाइंग' कैबिनेट सहयोगी का कारोबार खतरे में पड़ जाएगा।
|