आतंकवादी हमले की आशंका के मद्देनजर लगभग छावनी में तब्दील रहने वाली अयोध्या के साधु-संतों ने आतंकवाद के खिलाफ हुँकार भरते हुए भारत से इसका समूल नष्ट करने सरकार से माँग की है।
शनिवार को यहाँ तोताद्रि मठ के सभागार में हुई संतों की सभा में संत समिति के अध्यक्ष कन्हैया दास ने कहा कि अयोध्या परेशान है। मंदिरों में चढ़ावा आदि लगभग बंद है। गाड़ियाँ आने में परेशानी खड़ी की जाती हैं। आतंकवाद के कारण गाड़ियों और यात्रियों की चेकिंग भी समय-समय पर की जाती है। इसके कारण यात्रियों की संख्या लगातार घटती जा रही है।
दास ने कहा कि अयोध्या में कोई दूसरा व्यवसाय नहीं है। लोग बेहाल हैं, आतंकवादी हमले की आशंका से लोग ग्रस्त रहते हैं इसलिए इसके समूल नष्ट करने की व्यवस्था की जानी चाहिए।
विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के कट्टर विरोधी माने जाने वाले अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और हनुमानगढ़ी के महन्त ज्ञानदास ने कहा कि भाजपा नेता विनय कटियार को आतंकवादी धमकी मिली है। यहाँ के साधु-संतों ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते समुचित व्यवस्था न की तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
दास ने कहा कि विनय कटियार देश के बड़े नेता हैं। आतंकवादियों ने आज इन्हें धमकी दी है। कल किसी और को भी दे सकते हैं इसलिए आतंकवाद और आतंकवादियों की मदद करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
सभा में भक्तमाल के महंत कौशल किशोर दास, लक्ष्मण किलाधीश, बाबा शंकर दास समेत सैकड़ों साधु-संतों ने हिस्सा लिया। 19 मई को विशाल सभा : आतंकवाद के खिलाफ आगामी 19 मई को यहाँ एक विशाल 'संत जन सभा' का आयोजन होगा। यह जानकारी संत समिति के अध्यक्ष महन्त कन्हैया दास ने ने बताया कि सभा की अध्यक्षता अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और हनुमानगढ़ी के महंत ज्ञानदास करेंगे। उन्होंने बताया कि सभा के दिन को 'आक्रोश दिवस' के रूप में मनाया जाएगा। इस सभा में अयोध्या से बाहर के भी संतों को आमंत्रित किया जा रहा है।
|