देश में पेट्रोल पंप मालिकों के सबसे बड़े संगठन 'फैडरेशन ऑफ ऑल इंडिया पेट्रोलियम ट्रेडर्स' ने कमीशन बढ़ाने की अपनी पुरानी माँग को दोहराते हुए एक बार फिर हड़ताल की धमकी दी है।
फैडरेशन की शुरू से ही माँग रही है कि पेट्रोल पंप डीलर को कमीशन निश्चित मार्जिन के आधार पर नहीं बल्कि कुल दाम के 5 प्रतिशत पर तय किया जाना चाहिए। फैडरेशन के महासचिव अजय बंसल द्वारा शनिवार को जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि पिछले साल पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने डीलरों के मार्जिन में अंतरिम वृद्धि करते हुए इस साल अप्रैल में इसकी फिर समीक्षा करने का आश्वासन दिया था। मंत्रालय ने मार्जिन अथवा कमीशन को मूल्य प्रतिशत में भी परिवर्तित करने का आश्वासन दिया था।
फैडरेशन ने पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय को उसके आश्वासन की याद दिलाते हुए एक बार फिर पत्र लिखा है और पेट्रोल पंप मालिकों को कुल कीमत का 5 प्रतिशत कमीशन देने की माँग की है। फैडरेशन ने ज्ञापन में कहा है कि यदि 15 दिन में उसकी माँग पर ध्यान नहीं दिया गया तो 24 मई को पुणे में होने वाली उसकी प्रतिनिधि सभा की बैठक में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया जाएगा।
|