केंद्रीय जाँच ब्यूरो के निदेशक विजय शंकर ने अपराध के बढ़ते अंतरराष्ट्रीय स्वरूप के मद्देनजर ऐसे मामलों में वैश्विक सहयोग बढ़ाने के लिए राज्य सीआईडी में विशेष ढाँचा स्थापित करने का गुरुवार को आह्वान किया।
इंटरपोल लाइसन आधिकारियों की दूसरे सम्मेलन को संबोधित करते हुए शंकर ने सुझाव दिया कि राज्य स्तर पर गठित होने वाले इस तरह के ढाँचे का नेशनल सेंट्रल ब्यूरो एनसीबी इंडिया के साथ समन्वय करने के लिए पर्याप्त साधन होने चाहिए।
उन्होंने इंटरपोल के सदस्यों को आश्वासन दिया कि एनसीबी इंडिया इस सिलसिले में कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने में मदद करेगा।
इंटरपोल की कार्यकारी समिति के सदस्य विजय शंकर ने कहा कि यह सम्मेलन हर वर्ष होना चाहिए ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग के लिए कुशल ढाँचा तैयार हो सके।
सम्मेलन का आयोजन सीबीआई ने किया था जिसमें इंटरपोल लाइसन के 30 अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस समय 186 देश इंटरपोल के सदस्य हैं।
|