यह आईपीएल क्या है, यह क्रिकेट क्या होता है? यह सवाल किसी अन्य ग्रह पर या किसी अन्य ग्रह के व्यक्ति के नहीं बल्कि क्रिकेट और क्रिकेटरों पर जान देने वाले अपने देश भारत के वित्तमंत्री पी. चिदंबरम के हैं, जो उन्होंने गुरुवार को कैबिनेट की बैठक की जानकारी देने के लिए बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन में दागे।
किसी पत्रकार ने सवाल किया क्या वित्त मंत्रालय देश में इस समय धमाके की तरह चल रहे आईपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट को आय कर में छूट देने जा रहा है। वित्तमंत्री का जवाबी सवाल था- यह आईपीएल क्या बला है? पत्रकार ने स्पष्ट किया कि यह क्रिकेट टूर्नामेंट है तो वित्तमंत्री का सवाल था- यह क्रिकेट किस चिड़िया का नाम है?
बात चलते-चलते राजनीतिक दलों के खातों की आय कर रिपोर्ट जारी करने तक पहुँच गई। चिदंबरम ने कहा कि राजनीतिक दलों का आय कर आकलन जारी किया जा सकता है। इसमें कोई बाधा नहीं है।
|