बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने मंगलवार को कहा कि चाहे उनके विरोधी उनके घर पर बोतल फेंकें अथवा उनके पोस्टर पर काला रंग पोतें या उनके पुतले जलाएँ, वे मुंबई में ही रहेंगे।
हाल ही में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे द्वारा उनके खिलाफ चलाई जा रही गतिविधियों के बारे में पूछे जाने पर अमिताभ ने एनडीटीवी से कहा- मैं यहीं रह रहा हूँ और यहीं रहूँगा। वे लोग जो चाहे करें। मैं हटने वाला नहीं हूँ। मुंबई में रहने को लेकर अपने आलोचकों द्वारा उठाए जा रहे सवाल पर बिग बी ने कहा कि मैं किसी सार्वजनिक पद पर नहीं हूँ। मैं कोई मंत्री नहीं हूँ। ना ही कोई सरकारी कर्मचारी। आप मुझसे कोई प्रश्न नहीं पूछ सकते, मैं किसी के प्रति जवाबदेह नहीं हूँ।
|