मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > राष्ट्रीय
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
लालकृष्ण आडवाणी की माँग
लोकसभा में विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी ने रविवार को प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहनसिंह से एक घोटाले में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के एक मंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय के भी शामिल होने के मामले में सोमवार को संसद के दोनों सदनों में बयान देने की माँग की।

आडवाणी ने कहा कि इस मंत्री ने यह स्वीकार भी किया है कि उसने अपने पुत्रों की कंपनियों को गैस प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय से सिफारिश की थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंत्री के मामले में करीब आठ पत्र पेट्रोलियम मंत्रालय को लिखे थे।

आडवाणी ने कहा कि इस मामले में चूँकि प्रधानमंत्री कार्यालय भी शामिल है इसलिए इस पर प्रधानमंत्री को संसद के दोनों सदनों में अपना बयान देना चाहिए। भाजपा के सदस्य केन्द्रीय भूतल और जहाजरानी मंत्री टीआर बालू के अपने पुत्रों की कंपनियों को गैस प्रदान करने के लिए अपने प्रभाव का कथित इस्तेमाल करने के इस मुद्दे पर संसद में कड़ा विरोध कर चुके हैं।

उधर कोच्चि में अपनी आत्मकथा 'माई कंट्री माई लाइफ' पुस्तक के जारी होने के मौके पर आयोजित समारोह में आडवाणी ने कहा कि 21वीं सदी भारत की होगी। उन्होंने कहा कि देश में विपुल प्राकृतिक सँसाधान हैं और आधुनिक प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल से एक स्वच्छ, स्वस्थ, मजबूत और प्रबुद्ध भारत का निर्माण किया जा सकता है।

इस अवसर पर फिल्म अभिनेता ममूटी, केरल कांग्रेस (मणि) के नेता के एम मणि, भारतीय विचार केन्द्र के निदेशक पी. परमेश्वरन, भाजपा सचिव बलबीर पुंज और कुछ अन्य प्रमुख लोग उपस्थित थे।
और भी
व्यावसायिक इलाकों में तीसरी मंजिल नहीं
पूर्व प्रधानमंत्रियों पर करोड़ों बकाया
पीएसएलवी सी9 का सफल प्रक्षेपण
जाफर शरीफ ने इस्तीफा वापस लिया
रेलवे बॉलीवुड की राह पर
साहित्यकार क्यों फैलाएँ हाथ?