जम्मू-कश्मीर में सक्रिय पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन स्वयं को संगठित करने में जुट गए हैं और यह सब कराची में विशेष रूप से देखने को मिल रहा है।
पाकिस्तानी समाचार पत्र डेली टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार हरकत उल मुजाहिदीन (एचयूएम), हिजबुल मुजाहिदीन और अल बदर ने कराची में अपना नया दफ्तर बनाया है। पत्र के अनुसार इन संगठनों ने लोगों को अपनी गतिविधियों के बारे में जानकारी देने के लिए दीवारों पर नारे लिखे हैं, झंडे फहराए गए हैं और जगह-जगह पोस्टर लगाए गए हैं। इसके अलावा कराची स्थिति मस्जिदों में भीड़ भी बढ़ने लगी है।
प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन नए नाम के तहत सक्रिय हैं और हाल ही में उन्होंने कराची में बड़ी रैलियाँ आयोजित की हैं। हरकत उल मुजाहिदीन अपना कार्यालय इस्लामाबाद से रावलपिंडी ले गया है। संगठन द्वारा अपना नाम इंसारुल उम्माह किए जाने की खबर है। जैश-ए-मोहम्मद भी अपना नाम तलाशने की प्रक्रिया में लगा है।
पत्र की रिपोर्ट के अनुसार हरकत-ए-जेहाद इस्लामी पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के कोतली इलाके में चार मई को सभा आयोजित कर रहा है। हिज्बुल मुजाहिदीन के नेतृत्व वाला द यूनाइटेड जेहाद काउंसिल ने भी रणनीति तैयार करने के लिए बैठक की है। इस संगठन के 15 मई तक फिर से सक्रिय होने की आशंका है।
|