संसद में सरकार से आमिर खान की 'तारे जमीं पर' और अमिताभ बच्चन द्वारा अभिनीत 'बागबान' जैसी फिल्मों को बढ़ावा देने और विभिन्न चैनलों पर चल रहे एकता कपूर के सीरियलों और फैशन शो के प्रसारणों पर रोक लगाने की माँग की गई।
2008-09 के लिए सूचना एवं प्रसारण की अनुदान माँगों पर चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी की सदस्य और मशहूर फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा ने सरकार से अनुरोध किया कि वह 'तारे जमीं पर' और 'बागबान' जैसी साफ-सुथरी फिल्मों के निर्माण को बढ़ावा देने के लिए सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यह फिल्में बच्चों और वृद्धों पर बनाई गई है, जिन्हें आम जनता ने काफी पसंद किया गया है।
भाजपा की श्रीमती करुणा शुक्ला ने चैनलों पर एकता कपूर के सीरियलों का प्रसारण रोक देने की माँग करते हुए कहा कि उनको देखने वालों की उत्सुकता केवल इसमें रहती है कि 'सास' अब क्या करेगी ओर 'बहू' का पलटवार क्या होगा?
भाजपा की श्रीमती सुमित्रा महाजन का कहना था कि चैनलों पर दिखाए जा रहे फैशन शो में कपड़ा कम अश्लीलता अधिक दिखाई जाती है।
उन्होंने कहा कि इन फैशन-शो में मॉडल वस्त्र कम पहनती हैं और उनके वस्त्र यदि गिरने लगें तो उसे दिनभर दिखाया जाता है, जिसे बच्चे भी देखते हैं। इस तरह के फैशन-शो पर भी रोक लगानी चाहिए।
|