सरकार ने कहा कि असंगठित क्षेत्र के मजूदरों को सामाजिक सुरक्षा देने वाले विधेयक का लाभ गरीबी रेखा से ऊपर जीवन-यापन करने वाले श्रमिकों को भी मिलेगा।
श्रम एवं रोजगार मंत्री आस्कर फर्नान्डीस ने कहा कि सरकार ने राज्यसभा में पेश किए गए विधेयक के बारे में संसद की स्थाई समिति की सभी सिफारिशों पर गौर किया है।
फर्नान्डीस ने राज्यसभा में अपने मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा का जवाब देते हुए यह भी कहा कि संगठित क्षेत्र के सभी कर्मचारियों को भविष्यनिधि और कर्मचारी स्वास्थ्य बीमा योजना (ईएसआई) के तहत लाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों, घरेलू नौकरों और साइकल रिक्शा चालकों को भी सामाजिक सुरक्षा देने पर विचार कर रही है।
प्रबंधन और कामगारों के बीच सौहार्द्रपूर्ण संबंधों के लिए संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार की वचनबद्धता दोहराते हुए मंत्री ने कहा कि मजदूरों के हक की लड़ाई में वह हमेशा उनके साथ रहेंगे।
|