सीबीआई ने बुधवार को कहा कि उसे पता है कि दाऊद इब्राहिम का ठिकाना कहाँ है, लेकिन पाकिस्तान वर्ष 1993 में मुंबई श्रृंखलाबद्ध बम विस्फोट के सिलसिले में भारत में वांछित इस अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी को सौंपने में सहयोग नहीं कर रहा है। सीबीआई के प्रमुख विजय शंकर ने नौवें डीपी कोहली स्मारक व्याख्यान की पृष्ठभूमि में बताया हमें वास्तव में दाऊद इब्राहीम के ठिकाने का पता है और कूटनीतिक माध्यम और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के जरिये उसे पकड़ने (प्रत्यर्पण) के प्रयास किए जा रहे हैं।
बम विस्फोट के मामले में मुख्य आरोपी दाऊद को पकड़ने में देरी से संबंधित एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत के साथ सहयोग नहीं कर रहा है, जिससे देरी हो रही है।
उन्होंने पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा कि दाऊद एक ऐसे देश में छिपा है, जिसका आतंकवाद के मसले पर भारत के साथ सहयोग नहीं करने का रिकॉर्ड रहा है। शंकर ने कहा कि सरकार को इस बात की जानकारी है कि कुछ आतंकवादी संगठनों को पाकिस्तान में प्रश्रय मिलता है।
|