भारत ने मंगलावर को कहा कि चीन के साथ वर्षों से चल रहे सीमा विवाद का रातों-रात समाधान नहीं निकाला जा सकता। इसके समाधान के लिए चल रही बातचीत में कोई गतिरोध नहीं उत्पन्न हुआ है।
सीमा विवाद पर बातचीत के किसी गतिरोध में फँसने संबंधी बातों को खारिज करते हुए विदेश सचिव शिवशंकर मेनन ने बीजिंग में कहा कि मैं इसे गतिरोध नहीं कहूँगा। हमने दिशा-निर्देशक सिद्धांतों पर सहमति जताई है और हम एक रूपरेखा पर बातचीत कर रहे हैं जो बाद में किसी खास रूप में तब्दील किया जा सकेगा। यह ऐसा नहीं है, जिसे आप रातों-रात कर सकते हैं। दोनों पक्ष बातचीत कर रहे हैं और वे इस मुद्दे से निपट रहे हैं।
मेनन ने कहा कि भारत और चीन ने द्विपक्षीय संबंधों के स्थिर विकास पर संतोष जताया है। चीनी सहायक विदेश मंत्री हे याफेई और विदेश मामलों के उप मंत्री वांग यी के साथ अलग से बातचीत में मेनन ने कहा कि बुनियादी तौर पर दोनों पक्ष खुश हैं। हमने इस बात पर चर्चा की कि कैसे द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ा सकते हैं।
जापान में जुलाई में होने वाली जी-8 की बैठक से पहले जी-5 की बैठक में हिस्सा लेने यहाँ आए मेनन ने कहा कि हमने इस बात पर चर्चा की कि द्विपक्षीय संबंधों के मामले में हम क्या कर रहे हैं और क्या कर सकते हैं। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति पर संतोष जताया।
|