भारत और पाकिस्तान के बीच अच्छे संबंधों के लिए दोनों देशों के बीच फिल्मों के आदान-प्रदान की आवश्यकता पर मंगलवर को राज्यसभा में जोर दिया गया।
समाजवादी पार्टी (सपा) के रामनारायण साहू ने शून्य काल में इस जरूरत को रेखांकित करते हुए कहा कि दोनों देशों की संस्कृति करीब-करीब एक जैसी है तथा एक दूसरे के यहाँ अपनी-अपनी फिल्में रिलीज किए जाने से आपसी संबंध बेहतर होंगे।
उन्होंने कहा कि हाल में पाकिस्तान की दो फिल्में सलाखें और खुदा के लिए रिलीज हुई है और यह सिलसिला पाकिस्तान में भी शुरू होना चाहिए।
राष्ट्रीय जनता दल के राजनीति प्रसाद ने स्कूलों में मिड-डे मील की क्वालिटी सुधारने की माँग की। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के रामदास अग्रवाल ने देश में फ्लाइट इंस्पेक्टरों की कमी का मामला उठाते हुए कहा कि विमानन गतिविधियों के विस्तार को देखते हुए सरकार को इस बारे में आवश्यक उपाय करने चाहिए।
इसी पार्टी के ललित किशोर चतुर्वेदी ने राजस्थान के कोटा शहर में अखिल भारतीय इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा के प्रवेश पत्र नहीं मिलने से छात्रों को हो रही भारी असुविधा की ओर ध्यान खींचा।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) केडी राजा ने पिछले कई दिन से राजधानी में जंतर-मंतर पर धरना दे रहे भोपाल गैस त्रासदी पीड़ितों का मामला उठाया, जो पुनर्वास की दीर्घकालिक योजना तथा गैस त्रासदी के लिए जिम्मेदार यूनियन कार्बाइड और डाउ कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की माँग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गैस त्रासदी पीड़ियों की माँग पर प्रधान मंत्री ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था, जिसे अभी तक पूरा नही किया गया है।
जनता दल युनाइटेड (जद-यू) के अली अनवर ने उत्तरप्रदेश में पत्रकारों को प्रताड़ित किए जाने की शिकायत की। इस संबंध में कुछ मामलों की चर्चा करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पत्रकारों को झूठे मुकदमो में फँसाया गया है तथा जेल में डाल दिया गया है। उन्होंने पीठासीन सभापति पीजे कुरियन से आग्रह किया कि वह पत्रकारों को दमन रोकने के लिए सरकार को निर्देश दें।
सपा के अबू आसिम आजमी ने महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में एक सीडी के जरिए सांप्रदायिक विद्वेष फैलाने की घटनाओं पर विरोध व्यक्त किया।
मनोनीत चंदन मित्रा ने राजधानी में यातायात को सुचार बनाने के नाम पर बनाए गए बस रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम से आम जनता को हो रही दिक्कतों की ओर ध्यान खींचा तथा इस व्यवस्था को तुरंत रद्द करने की माँग की।
|