प्रसार भारती के प्रशासनिक कर्मचारियों ने वेतन विसंगति को दूर करने की माँग को लेकर आज से यहाँ 'आकाशवाणी भवन' में आमरण अनशन शुरू कर दिया। आमरण अनशन के समर्थन में देशभर में आकाशवाणी एवं दूरदर्शन के प्रशासनिक कर्मचारी कलमबंद हड़ताल पर चले गए हैं।
सनद रहे कि सूचना एवं प्रसारण मंत्री द्वारा संघ के पदाधिकारियों को लिखित आश्वासन दिया गया था कि प्रशासनिक कर्मचारियों की वेतन विसंगतियों को प्रसार भारती के लिए गठित मंत्री समूह द्वारा शीघ्र दूर करा लिया जाएगा।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने संसद को भी यह आश्वासन दिया था कि 31 मार्च तक या अप्रैल के शुरू में कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण कर लिया जाएगा।
आकाशवाणी एवं दूरदर्शन प्रशासनिक कर्मचारी संघ (अदासा) की विज्ञप्ति के अनुसार अनशन पर बैठक कर्मचारियों को संबोधित करते हुए माकपा सांसद वासुदेव आचार्या एवं प्रबोध पांडा ने कहा कि वे संसद में यह मामला उठाने के अलावा मंत्री से भी इस मामले को जल्द सुलझाने के लिए पहल करेंगे।
अदासा ने नवंबर 2007 में सूचना प्रसारण मंत्री के लिखित आश्वासन के बाद अपना आंदोलन स्थगित कर दिया था, लेकिन अब तक संबंधित आदेश नहीं जारी हुआ है। मजबूरन अदासा को अपना आंदोलन पुन: शुरु करना पड़ा है।
|