प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्र के विकास मे उद्योगों की भूमिका अहम है और भारतीय इस्पात प्राधिकरण लिमिटेड (सेल) इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
डॉ. सिंह आज झारखंड के बोकारों मे सेल द्वारा आयोजित बोकारो इस्पात संयंत्र के 1100 करोड़ रुपए की आधुनिकीकरण और विस्तारीकरण योजना का उद्घाटन करने आए थे।
उन्होंने कहा कि देश में औद्योगीकरण का नाम लेते ही बोकारो इस्पात संयंत्र के विकास का खयाल आ जाता है। उन्होंने कहा कि देश की तरक्की करने और विश्व में इस्पात की बढ़ती माँग को देखते हुए सेल के तहत संयंत्रों का विकास करना जरूरी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश और झारखंड का विकास करने के लिए इस्पात संयंत्र को अत्याधुनिक बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि केन्द्र की संप्रग सरकार ने झारखंड के विकास के लिए 11वीं पंचवर्षीय योजना में 40 हजार 240 करोड़ रुपए की योजना मंजूर की है, जो पिछले पंचवर्षीय योजना से तीन गुना अधिक है।
सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार ने झारखंड के गाँवों के विकास के लिए 700 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं, लेकिन यहाँ पंचायत चुनाव नहीं होने के कारण इसका लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड में पंचायत चुनाव का मामला न्यायालय में लंबित है। हमारी कोशिश होगी कि इस समस्या का समाधान जल्द हो जाए।
|