सरकार ने कहा कि महँगाई पर लगाम लगाने के लिए कुछ और वित्तीय उपायों पर विचार किया जा रहा है।
वित्तमंत्री पी. चिदंबरम ने राज्य सभा में कहा कि हमने कुछ वित्तीय उपाय किए हैं तथा कुछ और उपायों के बारे में विचार किया जा रहा है।
महँगाई पर काबू पाने के लिए किए गए मौद्रिक उपायों के बारे में वित्तमंत्री ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक ने मुद्रास्फीति को अंकुश में रखने के लिए पिछले दिनों सी आरआर को 50 आधार अंक बढ़ा दिया है और 29 अप्रैल को जारी होने वाली बैंक की मौद्रिक समीक्षा नीति से स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
चिंदबरम ने कहा कि वित्तीय और मौद्रिक उपायों के प्रभावी रुप लेने में कुछ समय लगेगा।
सीमेंट और इस्पात के दाम में बढोत्तरी को रोकने के लिए इन कंपनियों के गठजोड़ के खिलाफ अपनी चेतावनी की चर्चा करते हुए वित्तमंत्री ने कहा कि एकाधिकार एवं प्रतिबंधात्मक व्यापार व्यवहार आयोग (एमआरटीपी) ने शुरुआती कार्रवाई की है तथा उद्योग एवं इस्पात मंत्रालय लगातार निर्माताओं से बातचीत कर रहे हैं।
|