अफ्रीकी देश कांगो में मंगलवार को हुए एक विमान हादसे में तेजी से कार्रवाई करते हुए भारतीय शांति सैनिकों ने कई घायल यात्रियों की जान बचाई। रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि कमांडिंग आफिसर कर्नल एसए शर्मा के नेतृत्व में सिख लाइट इनफैंट्री की छठी बटालियन के बचाव दल ने सभी मौजूद अधिकारियों और सैनिकों के साथ हादसा स्थल पर पहुँचकर छह यात्रियों की जान बचाई और उन्हें जलते विमान में से निकालकर सैन्य अस्पताल पहुँचाया। कांगो के डीसी-9 जेट विमान में सवार 79 यात्रियों में से अधिकतर को बचा लिया गया। यह विमान रनवे से उड़ान भरने के तुरंत बाद एक भीड़भाड़ वाले बाजार में जा गिरा था और इसमें 40 लोगों की जान चली गई थी।
इसमें 110 से अधिक लोग घायल हुए थे। भारतीय बटालियन के इन जवानों ने भीड़ को नियंत्रित करने घरों को लूटने तथा दुकानों में आगजनी होने से रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। गौरतलब है कि कांगो में सरकार तथा विपक्ष के बीच चल रहे युद्ध के कारण इस उत्तरी प्रांत में पुलिस तथा नागरिक प्रशासन पूरी तरह ठप है।
|