रेलवे ने भूटान के साथ रेल संपर्क कायम करने के लिए पाँच रेल लाइनों का सर्वेक्षण किया है।
रेल राज्यमंत्री आर वेलू ने लोकसभा में बताया कि इसके अलावा नेपाल तथा बांग्लादेश के साथ नई रेल लाइनों के लिए क्रमश: पाँच तथा एक रेल लाइन का सर्वेक्षण किया गया है।
भूटान और भारत के बीच अभी कोई रेल संपर्क नहीं है। वेलू ने बताया कि उसके साथ पाँच रेल लाइनों के लिए सर्वेक्षण किया गया है। नेपाल के लिए इस समय रक्सौल, भारत, बीरगंज, नेपाल रेलमार्ग है जिसका उपयोग केवल माल यातायात के लिए किया जाता है। बांग्लादेश के साथ पाँच रेलमार्ग पहले से हैं जिनमें से दो फिलहाल बंद हैं।
रेलवे निर्यात : उन्होंने बताया कि रेलवे ने अंगोला रेलवे को 18 करोड़ 48 लाख रुपए के दो डीएमयू रैक का निर्यात किया है। श्रीलंका रेलवे से भी 16 रैक की आपूर्ति का एक आशयपत्र मिला है।
|