फिल्म अभिनेत्री से सांसद बनी हेमा मालिनी ने राज्यसभा में नए बाघ रिजर्व (अभयारण्य) और बाघों के अवैध शिकार पर नियंत्रण के बारे में सवाल उठाया। 'स्वप्न सुंदरी' सवाल के जवाब में सरकार ने कहा कि उसने अवैध शिकार पर नियंत्रण के लिए कई कदम उठाए हैं।
पर्यावरण एवं वन राज्य मंत्री एस. रघुपति ने कहा कि सरकार ने आठ नए बाघ रिजर्वों को मंजूरी प्रदान की है।
उन्होंने बताया कि अन्नामलय पराम्बीकुलम वन्यजीव अभयारण्य तमिलनाडु और केरल के 1410 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला होगा। इसके अलावा उदंती और सीतानाडी अभयारण्य छत्तीसगढ़ में 1580 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में होगा।
राज्य मंत्री के अनुसार तमिलनाडु के मुदुमलय, मध्यप्रदेश में संजय राष्ट्रीय उद्यान एवं संजय दुबरी वन्य जीव अभयारण्य, कर्नाटक में दंदेली वन्यजीव अभयारण्य एवं अंशी राष्ट्रीय उद्यान छत्तीसगढ़ में अचानकमार वन्यजीव अभयारण्य, असम में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान, उड़ीसा में सतकोसिया वन्य जीव अभयारण्य को सरकार ने मंजूरी दी है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण और बाघ एवं अन्य संकटापन्न प्रजाति अपराध नियंत्रण ब्यूरो के गठन के लिए प्रावधान करने हेतु वन्यजीव सुरक्षा कानून 1972 में संशोधन किया गया है। बाघ रिजर्व के भीतर अपराध के मामलों में सजा बढ़ाई गई है।
|