राजधानी में ओलिंपिक मशाल रिले कार्यक्रम से एक दिन पहले अपने विरोध को तीव्र करते हुए बुधवार को दर्जनों तिब्बतियों ने यहाँ चीनी दूतावास पर धावा बोलने की कोशिश की। इस दौरान उनकी सुरक्षाकर्मियों से झड़प भी हुई।
तिब्बतियों ने झंडा लहराते और माथे पर फ्री तिब्बत का बैंड लगाए विरोध किया। महिलाओं सहित करीब 60 आंदोलनकारी लगभग साढ़े दस बजे सुबह अति सुरक्षित चाणक्यपुरी स्थित चीनी दूतावास के सामने पहुँचे और उन्होंने सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश की।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आंदोलनकारियों की दूतावास के पास तैनात पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के साथ झड़प भी हुई।
तिब्बतियों ने चीन और इसके प्रधानमंत्री हू जिंताओं सहित चीनी नेताओं के खिलाफ नारे लगाए। अधिकारी ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने तिब्बतियों की कोशिश को नाकाम कर दिया और विरोध के बावजूद उन्हें हिरासत में ले लिया।
उन्होंने कहा कि इससे इलाके में कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया था। तिब्बत में चीनी अत्याचार के खिलाफ तिब्बतियों के विरोध के मद्देनजर दूतावास की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। चीन के राजदूत झान यान ने कल दूतावास की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए दिल्ली पुलिस के कमिश्नर वाईएस डडवाल से मुलाकात की थी।
इससे पहले कल सुरक्षा अधिकारियों को चौंकाते हुए करीब 27 तिब्बतियों ने राजपथ से अपनी मशाल रिले निकाली जहाँ से कल ओलिंपिक मशाल दौड़ निकाली जानी है।
|