बढ़ती महँगाई के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामें के कारण लोकसभा की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद मंगलवार को पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।
संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन आज सदन की कार्यवाही शुरू होने पर सदन में महँगाई का मुद्दा छा गया। समाजवादी पार्टी और भाजपा के अनेक सदस्य अध्यक्ष के आसन के निकट आ गए और महँगाई के सवाल को लेकर नारे लगाने लगे।
सदस्यों के इस व्यवहार से नाराज अध्यक्ष ने लोकसभा अधिकारियों से कहा कि वे हंगामा कर रहे सदस्यों के नाम नोट करें। उन्होंने कहा कि नारे लगा रहे सदस्यों से उचित तरीके से निपटा जाएगा। हंगामा थमता न देख उन्होंने सदन की कार्यवाही करीब 25 मिनट के लिए स्थगित कर दी।
इससे पहले प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने अपने मंत्रिपरिषद के नए सदस्यों का सदन से परिचय कराया और लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी ने सदन के दो पूर्व सदस्यों विजय चन्द्रसिंह प्रधान और अमृतलाल वल्लभदास तारवाला के निधन की सूचना देते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
|