इंडियन ऑयल कारपोरेशन (आईओसी) ने आज कहा कि उसे ईंधन की बिक्री पर प्रतिदिन 320 करोड़ रुपए का नुकसान हो रहा है और अगर यह स्थिति एक साल से ज्यादा समय तक बनी रही तो उसकी परियोजना प्रभावित हो सकती है।
आईओसी के अध्यक्ष एस. बेहुरिया ने संवाददाताओं को बताया कि अभी हम इस घाटे को सहने में समर्थ हैं लेकिन अगर घाटे की यही स्थिति एक साल से ज्यादा समय तक बनी रही तो परियोजना में हमारा निवेश प्रभावित होगा।
उन्होंने कहा कि कंपनी को पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और केरोसिन की बिक्री पर प्रतिदिन 320 करोड़ रुपए का घाटा हो रहा है।
बेहुरिया ने कहा कि 31 मार्च 2008 तक हमारा कर्ज बढ़कर 34000 करोड़ रुपए पर पहुँच गया। आईओसी ने 2008-09 में रिफाइनरी और पाइप लाइन परियोजनाओं में 7500 करोड़ रुपए निवेश करने की योजना बनाई है।
|